10वीं की सोशल साइंस का पेपर लीक होने पर बिहार बोर्ड ने की रद्द की परीक्षा

बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (Bihar School Examination Board) ने 19 फरवरी को आयोजित हुई 10वीं कक्षा की सोशल साइंस की परीक्षा को रद्द कर दिया है। बोर्ड को मिली जानकारी के अनुसार जमुई जिले में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक हो गया था। इस कारण बोर्ड को परीक्षा को रद्द करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हुई हैं। BSEB 10 वीं सामाजिक विज्ञान 2021 परीक्षा के लिए कुल 846504 छात्र उपस्थित हुए थे। यह परीक्षा बीते दिन यानी कि 19 फरवरी के शुक्रवार को पहली पाली में परीक्षा हुई। अब बीएसईबी 10 वीं सामाजिक विज्ञान 2021 की यह परीक्षा अब 8 मार्च, 2021 को फिर से आयोजित की जाएगी।
बीएसईबी द्वारा आयोजित प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह पाया गया कि पेपर व्हाट्सएप के माध्यम से लीक हुआ था। यह पेपर विकास कुमार द्वारा लीक किया गया था, जो भारतीय स्टेट बैंक में झाझा शाखा का एक संविदा कर्मचारी है। उन्होंने अपने रिश्तेदार के साथ पेपर साझा किया, जो बीएसईबी 10 वीं बोर्ड परीक्षा 2021 के लिए उपस्थित हो रहा था। इसके बाद से यह पेपर वायरल हो गया।
हाल ही में बिहार बोर्ड इंटर की परीक्षाएं समाप्त हुई थीं। इस साल 13.5 लाख स्टूडेंट्स ने बिहार बोर्ड इंटर की परीक्षाओं के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। वहीं पिछले साल की बात करें तो मार्च में बिहार बोर्ड ने 12वीं क्लास नतीजे जारी कर दिए थे।12 लाख स्टूडेंट्स इंटर की परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 9 लाख उम्मीदवार परीक्षा में सफल हुए थे। कुल पास पर्सेंटज 80.44 फीसदी गया था।